people told that Rinku was in depression after Rahul's death
बल्लभगढ़। पुलिस रिंकू की मौत मामले में रविवार शाम तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। अभी तक यह पता नहीं चल पाया कि उसकी हत्या कर शव ट्रैक पर डाला गया या उसने आत्महत्या की। उधर, आसपास के लोगों ने बताया कि राहुल की हत्या के बाद रिंकू अवसाद में चला गया था और इसी कारण शायद उसने आत्महत्या कर ली, हालांकि पुलिस पुष्टि नहीं कर रही है। परिजनों ने अभी इस मामले में कोई शिकायत नहीं दी है।
जानकारी के मुताबिक सुबह 11 बजे गांव के लोगों ने देखा कि रिंकू का शव रेलवे लाइन पर पड़ा है। इसके बाद जीआरपी को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर विश्वास ने शव को ट्रैक से हटाकर अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि राहुल की हत्या के बाद रिंकू निराश था। वह सुबह करीब 9 बजे अपने घर से निकला था और किसी को कुछ बताए बिना खेतों की ओर चला गया। बाद में उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। वह सेना में भर्ती होना चाहता था और प्रतिदिन रेस लगाता था। कुछ लोगों का कहना है कि राहुल की हत्या के बाद रिंकू अवसाद में चला गया था। वह कहने लगा था कि जब दोस्त ही नहीं रहा तो मैं जी कर क्या करूंगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत किन कारणों से हुई अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।