- प्रत्येक दिन 50 से अधिक मरीज, 20 बेड से नहीं हो पा रहा काम
- उच्च अधिकारियों से मांगी जाएगी मंजूरी, इंजीनियर करेंगे स्थल का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल की इमरजेंसी में अब मरीजों को बेड के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। अस्पताल प्रबंधन इमरजेंसी का विस्तार करने की तैयारी में है। प्रतिदिन यहां इलाज के लिए 50 से 55 मरीज पहुंचते हैं, जबकि उपलब्ध बेडों की संख्या केवल 20 से 22 ही है।
कई बार मरीजों को स्ट्रेचर पर या एक ही बेड पर दो मरीजों को रखकर उपचार देना पड़ता है। बीके अस्पताल की इमरजेंसी में अब एंटी रेबीज टीके और सांप के काटने पर एंटी वेनम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे उपचार सेवाएं तो बेहतर हुई हैं, लेकिन जगह की कमी अब और खलने लगी है। इमरजेंसी में सभी व्यवस्थाओं को एक साथ जारी रखना अब चुनौती बनता जा रहा है।
पीडब्ल्यूडी इंजीनियर करेंगे मौका मुआयना
जैसे ही उच्च अधिकारियों से मंजूरी मिलेगी, अस्पताल प्रबंधन पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरों को बुलाकर मौके का निरीक्षण करवाएगा। कम स्थान में अधिक बेड कैसे लगाए जा सकते हैं, इस पर तकनीकी सुझाव लिए जाएंगे। संभावना है कि इमरजेंसी का विस्तार करके मरीजों को और बेहतर सुविधा दी जा सकेगी।
मरीजों की बढ़ती संख्या और जगह की कमी को देखते हुए इमरजेंसी को बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही इस प्रस्ताव को स्वास्थ्य निदेशालय के उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। स्वीकृति मिलने पर अगली प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- डॉ. विकास गोयल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी