3.43 करोड़ की लागत से एयर कंडीशनिंग सिस्टम, वेंटिलेशन और हीटिंग की व्यवस्था की जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल में मरीजों को जल्द ही गमी से राहत मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 3 करोड़ 43 लाख का एस्टीमेट तैयार किया गया है। जिससे अस्पताल में हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग सिस्टम (एचवीएसी) की व्यवस्था की जाएगी।
बीके अस्पताल में प्रतिदिन करीब ढाई हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल की ओपीडी में पंखे लगे हुए हैं। जिसमें से आए दिन कुछ पंखे खराब हो जाते हैं। वहीं कुछ पंखें काफी धीमी रफ्तार में चलते हैं। इससे मरीजों को काफी दिक्कत होती है। कई बार कुछ मरीज अधिक गर्मी और घुटन के कारण ओपीडी में बेहोश भी हो जाते हैं। ओपीडी में केवल एक ही मुख्य द्वार है। जोकि काफी छोटा है। मरीजों की अधिक संख्या होने के बाद ओपीडी में बुरा हाल हो जाता है।
सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य महानिदेशालय को भेजा एस्टीमेट
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य अभियंता विद्युत से एस्टीमेट बनवा लिया गया है। जिसके बाद बीके अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य महानिदेशालय (डीजीएच) को एस्टीमेट भेज दिया है। अब केवल बजट की मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलने के बाद अस्पताल में जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
एचवीएसी सिस्टम से ओपीडी में रहेगी ठंडक
हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग सिस्टम से मरीजों को घुटन भरी गर्मी से राहत मिलेगी। यह ओपीडी को सर्दियों में गर्म और गर्मियों में ठंडा रखेगा। यह ओपीडी में हवा के तापमान और वायु गुणवत्ता को बनाए रखेगा। जिससे मरीजों को गर्मी नहीं लगेगी। वेंटिलेशन अत्यधिक नमी को हटाता है, बाहरी हवा को पेश करता है और आंतरिक हवा को प्रसारित करता रहता है। यह सिस्टम ओपीडी को ठंडा बनाए रखेगा।
वर्जन
सिविल सर्जन ने एस्टीमेट को स्वास्थ्य महानिदेशालय को भेज दिया है। अब केवल बजट को मंजूरी मिलने का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इससे मरीजों को राहत मिलेगी। - एमपी सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी