- मशीन खराब होने से मरीजों को निजी सेंटरों पर एक्सरे कराना पड़ रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। जिला नागरिक अस्पताल बीके में सोमवार को एक्सरे मशीन खराब होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। मरीजों को बाहर निजी सेंटरों से एक्सरे कराना पड़ा है।
बीके अस्पताल में रोज दो हजार के करीब नए और पुराने मरीज उपचार करवाने के लिए आते है। जिसमें से 200 मरीजों के रोज एक्सरे होते है। जिसमें पुलिस केस, भर्ती मरीज और ओपीडी के मरीज शामिल हैं। सोमवार को बीके अस्पताल की एक्सरे मशीन खराब हो गई। जिसकी वजह से सोमवार को मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। रेडियोलॉजिस्ट राजकुमार का कहना हैं कि अस्पताल में डीआर एक्सरे मशीन लगी हुई है। जिससे कुछ ही मिनटों पर डिजिटल एक्सरे हो जाते हैं। सोमवार की सुबह मरीज के एक्सरे करने के दौरान अचानक से मशीन खराब हो गई। जिसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी है। एक से दो दिन में मशीन ठीक करवा दी जाएगी। इसे लेकर एक्सरे रूम के बाहर नोटिस लगा दिया हैं कि मशीन काम नहीं कर रही है। जिसके चलते मरीजों को निजी सेंटरों पर जाकर एक्सरे करवाना पड़ा।