तहसील वार समीक्षा की, कहा- रिपोर्ट जिला मुख्यालय में प्रस्तुत करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। उपायुक्त विक्रम सिंह ने कहा कि राजस्व विभाग जमीन की रजिस्ट्री, जमाबंदी सहित अन्य ऑनलाइन प्लेटफार्म प्रणाली का कार्य पूरा करके सभी तहसीलदार रिपोर्ट जिला मुख्यालय में प्रस्तुत करें। इंतजाम समेत अन्य कार्य तय समय में पूरा करें।
डीसी मंगलवार को दोपहर बाद लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में जिला फरीदाबाद की तहसील व उप तहसीलदार राजस्व विभाग की ऑनलाइन प्लेट फार्म प्रणाली की प्रक्रिया में अन्य जमीन से जुड़े संबंधित केसों की समीक्षा कर रहे थे। उपायुक्त जमीन के रिकॉर्ड, इंतकाल से संबंधित जिला की तहसील वार एक-एक करके समीक्षा की। राजस्व विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि स्वामित्व योजना का जिला विकास एवं पंचायत विभाग से तालमेल करके बेहतर क्रियान्वयन करना सुनिश्चित करें। डीसी ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफार्म प्रणाली पर इंतकाल से संबंधित केसों का निपटारा निर्धारित समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमाबंदी में आए गलत ऑनलाइन आवेदनों को पेंडिंग न छोड़कर उससे तुरंत रिजेक्ट किया जाए। बैठक में एडीसी आनंद शर्मा, एसडीएम फरीदाबाद परमजीत चहल, एसडीएम त्रिलोक चंद, एसडीएम अमित मान, डीआरओ बिजेन्द्र राणा, तहसीलदार भूमिका लांबा व तिगांव नायब तहसीलदार अजय कुमार सहित राजस्व विभाग के सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार, कानूनगो व पटवारी उपस्थित रहे।