फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को कोरोना के 67 नए मामलों की पुष्टि की। इस दौरान छह मरीज स्वस्थ हुए हैं। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग में अफरातफरी मच गई है। ऐसे में विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वह बढ़ते मामलों और गर्मी के बीच घरों से बाहर निकलने से परहेज करें। जरूरी होने पर बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल जरूर करें। संक्रमण से बचने के लिए सार्वजनिक स्थान पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें।
दो दिन में दोगुने हुए भर्ती मरीज
जिला स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जिले में कुल उपचाराधीन मरीजों की संख्या 249 हो गई है। इसमें से पांच मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। एक दिन पूर्व अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या दो रही। ऐसे में विभाग की चिंता बढ़ने लगी है। हालांकि मौजूदा समय में 244 मरीज घरों में ही उपचाराधीन हैं। बीते 24 घंटों में 1106 संदिग्धों की जांच की गई। सरकारी निजी अस्पताल में 956 मरीजों की जांच रिपोर्ट लंबित है। भर्ती मरीज के साथ ही संक्रमण जांच पुष्टि के लिए की जा रही सैंपलिंग की सकारत्मकता दर तीन फीसदी से दोगुनी होकर छह फीसदी हो गई है। मात्र 24 घंटों में आंकड़ों में दोगुनी तेजी से हो रहे बदलाव से विभाग की चिंता बढ़ने लगी है।
हॉटस्पॉट शहरी क्षेत्रों में उतरेगी निगरानी टीम
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नए मरीजों की संख्या शहरी क्षेत्रों में अधिक है। इसमें सेक्टर-2, 15, 16, 19, 21, 28, 29, 37, 42, 46, 77, 84, 86, 87, 88, राजीव कॉलोनी, ग्रीनफील्ड कॉलोनी, सेहतपुर, ग्रीनवैली से ज्यादातर मरीज सामने आ रहे हैं। निदेशालय ने विभागीय टीम को फील्ड में उतारने के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। इसमें ऐसे क्षेत्रों की पहचान करनी होगी जहां कोविड क्लस्टर यानी संक्रमण का गढ़ विकसित हो रहा है। ऐसे क्षेत्र में विभागीय टीम को उतारकर लोगों को न सिर्फ जागरूक करना होगा बल्कि कोविड नियमों पर सजगता बरतनी होगी। इससे क्षेत्र विशेष से संक्रमण विस्तार होने से रोका जा सकेगा।
मास्क की अनिवार्यता खत्म होते ही संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। लोगों को स्वयं जागरूक होना चाहिए। स्वास्थ्य के लिए निगरानी नहीं जागरूकता काम करेगी। हालांकि संक्रमण का गढ़ बनने वाले क्षेत्रों में निगरानी की भी जरूरत है। निदेशालय से प्राप्त निर्देश अनुसार टीम फील्ड में उतारी गई हैं।
- डॉ. रामभगत, कोविड नोडल अधिकारी