फरीदाबाद। संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने फील्ड में कर्मचारी उतारे हैं। यह कर्मचारी संक्रमित पाए गए लोगों के क्षेत्र में जाकर नमूनों पर फोकस करेंगे। प्रयास है कि संक्रमण का गढ़ बनने से पहले ही संभावित संक्रमितों की पहचान कर कोरोना की चेन तोड़ी जाए। वहीं 150 कोरोना संक्रमित मामलों में से 47 के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग जांच के लिए भेजे गए हैं।
कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने कहा कि जिले में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। इसके लिए हॉटस्पॉट बनने से पहले ही संक्रमण पर काबू पाने की योजना है। संक्रमण के मामले कुछ क्षेत्र विशेष में मिल रहे हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में फील्ड वर्कर उतारे गए हैं। इनकी मदद से संभावित संक्रमितों की समय से जांच की जाएगी। कुछ क्षेत्रों में यह जांच शुरू भी कर दी गई है। ऐसे में समय रहते संक्रमण पर काबू पाने से लोगों को संक्रमण से बचाने में मदद मिलेगी।
रोजाना दो हजार नमूनों का लक्ष्य
डॉ. भगत ने कहा कि पूर्व में स्वास्थ्य विभाग संक्रमित के संपर्क में लोगों की जांच के लिए सूची बनाता था। अब लगातार तीसरे साल भी संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में लोग जागरूक हैं। ऐसी सूची के स्थान पर विभाग अब क्षेत्र विशेष में संक्रमितों की पहचान करने में जुटा है। हर दिन दो हजार नमूनों का लक्ष्य लेकर फील्ड कर्मचारी लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जो संक्रमण के लक्षण महसूस कर रहे हैं, वह स्वयं भी जांच के लिए आगे आएं।
कोरोना के 40 नए केस, पांच स्वस्थ
बीते 24 घंटों में कोरोना के 40 नए केस मिले। इस दौरान 5 मरीज स्वस्थ घोषित किए गए। कुल उपचाराधीन मामलों की संख्या बढ़कर 188 हो गई है। इसमें से दो अस्पताल में ही भर्ती हैं। बीते 24 घंटों में 1019 मामलों की जांच की गई। यह जांच सरकारी निजी अस्पताल में की गई। जिले में कुल 934 की रिपोर्ट लंबित है। नए मामलों की पहचान सेक्टर-2, 15, 17, 19, 21, 77, 87, 46 सहित ग्रीन फील्ड, ग्रीन वैली और राजीव कॉलोनी में की गई है।