फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पलवल में होली के हुड़दंग में दो लोगों की हत्या, छह पर केस दर्ज

Tue, 30 Mar 2021 06:04 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, पलवल

सार

- गांव जनौली में युवक को मारी गोली, अहरवां में पीट-पीटकर मार डाला
विज्ञापन
मृतक प्रवीण (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पलवल में होली के हुड़दंग में अलग-अलग स्थानों पर हुए झगड़ों में दो लोगों की हत्या कर दी गई। गांव जनौली में फूलडोल मेले में हवाई फायरिंग का विरोध करने पर युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, वहीं गांव अहरवां में व्यक्ति को शराब के नशे में पीट-पीट कर मार डाला। दोनों मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या के मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। अभी तक किसी भी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। 

विज्ञापन


पहले मामले में गदपुरी थाना पुलिस में कार्यरत एएसआई हनीश खान के अनुसार गांव जनौली निवासी मुकेश ने शिकायत दर्ज कराई है कि हर साल की भांति गांव की चौपाल पर फूलडोल मेले का आयोजन किया गया। मेले में सभी लोग भाईचारे के साथ एक-दूसरे पर पिचकारियों से रंग डाल रहे थे।

मेले में उसका भाई प्रवीण भी चौपाल पर मौजूद था। उसी समय गांव निवासी जनक, आकाश, भोला व फरीदाबाद निवासी कपूर आए और आते ही जनक मेले में कट्टा से हवाई फायर करने लगा। प्रवीण व गांव के लोगों ने जब उसे हवाई फायर करने के लिए मना किया, तो प्रवीण व उक्त लोगों के बीच कहासुनी हो गई।
विज्ञापन


उस समय वहां पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को अलग-अलग करा दिया। कुछ देर बाद प्रवीण अपने घर की तरफ आ रहा था तो उसी समय जनक ने प्रवीण पर गोली चला दी। गोली प्रवीण के बाएं तरफ लगी और वह लहूलुहान हो गया।

पीड़ित अपने भाई को उपचार के लिए लेकर अस्पताल पहुंचा जहां चिकित्सकों ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। 

विज्ञापन

क्या है दूसरा मामला

दूसरे मामले में सदर थाना प्रभारी आनंद कुमार के अनुसार गांव अहरवां निवासी सुमन ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि बीती 28 मार्च को उसके पति नरेंद्र को गांव निवासी जुगल व हरिओम घर से अपने साथ बुलाकर ले गए। जिन्होंने नरेंद्र को शराब पिलाई और फिर उसके साथ मारपीट की।

रात करीब 9.30 बजे उक्त लोग पीड़िता के पति को बेहोशी की हालत में घर के पास छोड़कर चले गए। देर रात तक जब नरेंद्र को होश नहीं आया तो परिजनों ने उसे फरीदाबाद स्थित निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां चिकित्सकों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी जुगल व हरीओम की पिटाई करने के कारण उसके पति नरेंद्र की मृत्यु हुई है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें