पलवल में राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल्ली गेट के समीप स्थित ग्रैंड प्रकाश ढाबा नामक होटल पर झगड़ा हो गया। झगड़े में होटल मालिक के पिता के साथ मारपीट की गई। घायलावस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वारदात सोमवार रात करीब 10 बजे की है।
रात को तेज आंधी के दौरान गत्ते की सीलिंग खाना खा रहे लोगों के पास गिर गई, जिसके कारण विवाद हो गया। गुस्साए लोगों ने होटल पर तोड़-फोड़ भी की। शहर थाना पुलिस ने तीन नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
भवन कुंड चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर मनोज के अनुसार न्यू कॉलोनी निवासी पराग चुटानी ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह दिल्ली गेट के समीप ग्रैंड प्रकाश ढाबा के नाम से होटल चलाता है। सोमवार 25 अप्रैल की रात को करीब 10 बजे होटल पर कुछ लोग खाना खा रहे थे। उसी दौरान तेज आंधी आ गई।
आंधी से गिर गई थी गत्ते की सीलिंग
आंधी से गत्ते की सीलिंग खाना खा रहे लोगों के पास गिर गई। गुस्साए लोगों ने सीलिंग को खींचकर तोड़ना शुरू कर दिया। पराग चुटानी ने उन्हें रोका तो आरोपियों ने होटल में तोड़-फोड़ शुरू कर दी। टेबल व कुर्सियां इधर-उधर फेंक दीं।
पराग चुटानी ने शिकायत में कहा कि, आरोपियों ने मेरे भाई दीपक कटारिया, सन्नी मखीजा, समीर और मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनके पिता रणवीर चुटानी मौके पर आ गए और बीच बचाव का प्रयास किया। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की तथा उनके पेट व छाती में चोट पहुंचाई।
घायलावस्था में उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आदर्श कॉलोनी निवासी मनोज, अनिल, राजेंद्र, तीन महिलाओं सहित सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम कार्रवाई जारी है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।