पानी से भरी बाल्टी में डूबने से एक साल के बच्चे की मौत
- फोटो : अमर उजाला
फरीदाबाद के जीवन नगर पार्ट-2 में ईदगाह के पास मंगलवार को दर्दनाक हादसे में पानी से भरी बाल्टी में डूबने से एक साल के बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान आर्यन के रूप में हुई है। हादसे के समय उसकी मां घर की ऊपरी मंजिल पर काम कर रही थी, जबकि पिता बजरंगी काम पर गए हुए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की दादी मीना ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने घरेलू काम में व्यस्त थे। आर्यन कमरे के बाहर छत पर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बाथरूम के पास रखी पानी से भरी बाल्टी के पास पहुंच गया। इसी दौरान वह मुंह के बल बाल्टी में गिर गया। काफी देर तक बच्चे की आवाज नहीं सुनाई दी तो परिजनों ने बाहर आकर देखा। आर्यन बाल्टी में मिला।
परिजन तुरंत उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बच्चे को निजी अस्पताल लेकर गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ईएसआईसी अस्पताल की मोर्चरी में रखा शव
संजय कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।