नियमित रूप से नहीं आते सुरक्षाकर्मी, लड़ाई-झगड़े के दौरान भी रहते हैं नदारद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बादशाह खान नागरिक अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है। अस्पताल में करीब 19 सुरक्षा कर्मी तैनात होने के बावजूद मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। आरोप है कि कई सुरक्षा कर्मी अस्पताल में नियमित रूप से ड्यूटी पर नहीं पहुंचते। यहां तक कि अस्पताल में होने वाले लड़ाई-झगड़े और विवाद के दौरान भी सुरक्षा कर्मी मौके से नदारद रहते हैं।
अस्पताल में वर्तमान में आठ महिला और 11 पुरुष सुरक्षा कर्मी कार्यरत बताए जा रहे हैं। महिला सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लेबर रूम के बाहर और डिलीवरी रूम में लगाई गई है। वहीं, पुरुष सुरक्षा कर्मियों की तैनाती अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में की गई है। मरीजों का कहना है कि सुरक्षा कर्मियों की पहचान करना भी मुश्किल है, क्योंकि वे निर्धारित ड्रेस में नजर नहीं आते। ऐसे में मरीजों और तीमारदारों को पता ही नहीं चलता कि अस्पताल में सुरक्षा की जिम्मेदारी किस कर्मचारी की है।
मरीजों का आरोप है कि कई सुरक्षा कर्मी अस्पताल पहुंचने के बजाय घर पर रहकर ही हाजिरी लगा रहे हैं। वहीं, उनकी सैलरी भी समय पर बैंक खाते में पहुंच रही है। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी नियमित होनी चाहिए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
डेढ़ माह पहले दी गई ड्रेस, फिर भी नहीं पहन रहे
कार्यवाहक प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल ने बताया कि पहले सुरक्षा कर्मियों की ओर से ड्रेस उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत की गई थी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से करीब डेढ़ माह पहले सभी सुरक्षा कर्मियों को ड्रेस उपलब्ध करा दी गई है। इसके बावजूद सुरक्षा कर्मी ड्रेस पहनकर ड्यूटी नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक स्तर पर निगरानी की जाएगी।