फरीदाबाद। जिले में एक बार फिर कोरोना का कहर बढ़ने लगा है। पांच महीने बाद बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना से एक मरीज की मौत होने की पुष्टि की है। जबकि पांच नए मरीज मिले हैं। बीते दो दिनों में 11 मरीजों के मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि जगह-जगह आयोजित कार्यक्रमों में भाग ले रहे लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रहे हैं। इसलिए फिर से मामले बढ़ने लगे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को संत नगर, सेक्टर 21, सेक्टर 28 व सेक्टर 77 से नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना से संक्रमित एक मरीज की पुष्टि भी है। करीब 52 वर्षीय मृतक का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संबंधित व्यक्ति को कोरोना के साथ लीवर व किडनी से संबंधित दूसरी बीमारियां भी थी। अधिकारियों का कहना है कि 17 जून के बाद बृहस्पतिवार को पहली बार किसी व्यक्ति की कोरोना से मौत हुई है।
इसके बाद इससे मरने वालों की संख्या 717 तक पहुंच गई है। इसके अलावा इस दिन पांच मरीजों की पुष्टि की है। लिहाजा अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या संख्या बढ़कर 16 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि सभी सक्रिय मरीजों का इलाज घर पर ही किया जा रहा है। डॉ. रामभगत के अनुसार लोग भीड़ वाली जगहों पर जाने से परहेज करें। साथ ही कोविड 19 के नियमों का गंभीरता से पालन करें। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 99934 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 999201 ठीक हो गए हैं। बृहस्पतिवार को 1459 नए सैंपल लिए गए हैं।