फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण का महज एक मामला सोमवार को मिला। नए मामले की पुष्टि जिले के ग्रीन फील्ड इलाके से हुई है। इससे एक दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग ने किसी नए मामले की पुष्टि नहीं की थी। वहीं, सोमवार को भी किसी संक्रमित की मौत की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने नहीं की। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों में दो मरीज कोरोना संक्रमण को मात देकर स्वस्थ हुए हैं। बीते एक माह से जिले में किसी संक्रमित की मौत नहीं हुई है।
मौजूदा समय में जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 99,753 हो गई है। इसमें से 99,018 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में संक्रमण से जान गंवाने वाले आंकड़ों पर बीते एक माह से लगाम लगी हुई है। वहीं, अब तक जिले में 716 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। फिलहाल जिले में केवल 19 मामले ही उपचाराधीन हैं। इनमें से केवल तीन ही मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, 16 मरीज अभी भी होम आइसोलेशन में उपचाराधीन हैं। वेंटिलेटर पर कोई मरीज नहीं है। ऑक्सीजन पर एक मरीज उपचाराधीन है। कोविड-19 नोडल डॉ. रामभगत ने बताया कि सोमवार को 2193 सैंपल लिए गए। इनमें से 641 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कुल नौ लाख 76 हजार 203 सैंपल लिए जा चुके हैं।