जिला परिषद फरीदाबाद के वार्ड पार्षदों की बैठक में प्रस्ताव किया गया पास
खिलाड़ियों को सहूलियत होगी और उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पाली गांव में खेल स्टेडियम के कायाकल्प पर एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे इलाके के खिलाड़ियों व युवाओं को सहूलियत होगी और उन्हें बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। सोमवार को जिला परिषद फरीदाबाद के वार्ड पार्षदों की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। यह बैठक जिला परिषद की कार्यकारी सीईओ शिखा ने ली।
बैठक में जिला परिषद उप प्रधान ने गांव पाली में स्थित खेल स्टेडियम का एक करोड़ रुपये की लागत से विकास करवाने संबंधी प्रस्ताव रखा। इसका बैठक में उपस्थित जिला पार्षदों ने हाथ उठाकर सर्वसम्मति से समर्थन करते हुए बहुमत से प्रस्ताव पास किया।
कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद शिखा ने सोमवार को जिला परिषद फरीदाबाद के वार्ड पार्षदों की बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कार्यकारी अधिकारी ने सभी वार्ड पार्षदों को आवंटित किए गए बजट का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ करते हुए अपने-अपने वार्ड में विकास कार्य करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में धरातल पर काम होने चाहिए। बैठक में वार्ड नंबर 1 के लिए 1.25 करोड़ रुपये, वार्ड नंबर 2 व वार्ड नंबर 5 से लेकर वार्ड नंबर 10 तक 63-63 लाख रुपये, वार्ड नंबर 3 के लिए 20 लाख रुपये तथा वार्ड नंबर 4 के लिए 75 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया। इनमें सड़क निर्माण, बिजली आपूर्ति, जलापूर्ति, स्वच्छता सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
कार्यकारी अधिकारी शिखा ने संबंधित अधिकारियों को कार्य करवाने की गति में तेजी लाने के साथ-साथ कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। बैठक में प्रधान जिला परिषद विजय, उप प्रधान धर्म चौधरी, प्रमेंद्र सिंह, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीरज, जिला परिषद के सभी अधिकारीगण व वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।