अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। आदर्श नगर कॉलोनी में रक्षाबंधन के दिन घर में घुसकर आर्किटेक्ट के छात्र की हत्या मामले में डीएलएफ क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी अंशु को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। वहीं, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी अभी फरार है। क्राइम ब्रांच की टीम उसकी तलाश में जुटी है।
सोमवार को आदर्श नगर क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने आर्किटेक्ट के छात्र अरुण की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह रोहतक स्थित एक कॉलेज में आर्किटेक्ट की पढ़ाई कर रहा था। रविवार को वह रक्षाबंधन मनाने बल्लभगढ़ स्थित अपने घर आया था। घर में रक्षाबंधन की तैयारियां चल रही थीं। माता-पिता मार्केट से सामान खरीदने गए थे। घर पर वह अपनी बहन और भाई के साथ बातचीत कर रहा था, तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवक आए। उनमें से एक चेहरे पर कपड़ा बांधकर घर के बाहर खड़ा रहा और लोगों पर नजर रखता रहा। दूसरा युवक अरुण को आवाज देते हुए घर के अंदर घुसा। उससे बातचीत करते हुए उसे दूसरे कमरे में ले गया और सीने में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुन भाई बहन उसकी तरफ भागे, तभी आरोपी हवा में पिस्तौल लहराते हुए बाहर मोटरसाइकिल लेकर खड़े दूसरे आरोपी के साथ फरार हो गया। भाई ने तुरंत इसकी सूचना पिता को दी। माता-पिता घर पहुंचे और अरुण को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात में पुलिस की तीन टीम आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। सूत्रों की मानें तो डीएलफ की टीम ने दो आरोपियों में से अंशु नामक आरोपी को मंगलवार रात बल्लभगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। दूसरे आरोपी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।
स्कूल में साथ पढ़ता था आरोपी
सूत्रों के अनुसार पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अंशु 10वीं तक अरुण के साथ पढ़ता था। आरोपी की बहन भी उसी स्कूल में पढ़ती थी। आशंका है कि आरोपी ने रंजिशन अरुण की हत्या की है।