- ठगी के बाद आरोपियों ने खुद ही ऑटो का किराया देकर घर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद थाना इलाके में ठगों ने एक महिला को बातों में उलझाकर करीब सात लाख रुपये कीमत के आभूषण ठग लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने खुद ही किराया देकर महिला को एक ऑटो में बिठाकर घर तक भेजा। आरोपियों की हरकत भूड़ कॉलोनी स्थित एक मेडिकल स्टोर के बाहर लगे सीसीटीवी में भी कैद हुई है। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
भूड़ कालोनी निवासी वरीसा बेगम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन फरवरी की शाम काॅलोनी के पास ही कालीचरण कचौड़ी वाले की दुकान के पास एक युवक ने उन्हें रोक लिया। आरोपी उससे गाजियाबाद जाने का रास्ता पूछने लगा। महिला उसे रास्ता बता ही रही थीं, तभी एक और युवक वहां आ गया। दोनों उसे बातों में उलझाकर बड़खल चौक की तरफ ले गए। महिला का दावा है कि उसे सम्मोहित कर आरोपियों ने सोने और हीरे के आभूषण उतरवा लिए। जिनकी कीमत करीब सात लाख रुपये है। इसके बाद आरोपियों ने खुद ही एक ऑटो चालक को रुकवाकर महिला को घर भेज दिया। ऑटो का किराया भी आरोपियों ने ही दिया। ठगी का अहसास होने पर महिला वापस कचौड़ी वाले के पास गई। यहां स्थित एक मेडिकल स्टोर के बाहर लगे सीसीटीवी में आरोपी उससे बात करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।