फरीदाबाद। जिले में चार दिन बाद कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का दूसरा मामला सामने आया है। संक्रमण की पुष्टि कनाडा से लौटी युवती की मां में हुई है। युवती को 23 दिसंबर को संक्रमित घोषित किया गया था। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इससे घबराने की जरूरत नहीं है। दोनों स्वस्थ हो चुके हैं, इन्हें सोमवार तक अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। नियमानुसार इन्हें 14 दिनों तक अस्पताल में रखने का प्रावधान है। इसलिए इन्हें अभी तक छुट्टी नहीं दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 13 दिसंबर को कनाडा से लौटी 24 वर्षीय युवती की दिल्ली एयरपोर्ट पर लिए गए सैंपल रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने युवती के संपर्क में आने वाली मां और मौसी सहित कई लोगों के सैंपल लिए थे। इसमें मां और मौसी कोरोना संक्रमित पाई गई थी। तीनों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। 23 दिसंबर को युवती को कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से संक्रमित की पुष्टि की गई थी। इसके चार दिन शनिवार देर रात को जिनोम सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट आने के बाद उसकी मां को भी ओमिक्रॉन से संक्रमित घोषित किया गया। जिले में अब तक इसके दो मरीज सामने आए हैं। जबकि युवती की मौसी की जिनोम सिक्वेंसिंग की रिपोर्ट आनी बाकी है।
79 लोगों के लिए गए हैं सैंपल
स्वास्थ्य विभाग के उप-मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि कनाडा से लौटी ओमिक्रॉन संक्रमित युवती के संपर्क में आने वाले 12 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इनमें से उसकी मां और मौसी कोरोना संक्रमित पाई गई थी। इसके अलावा उन 12 के संपर्क में आने वाले 79 लोगों के सैंपल लिए गए। इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल ओमिक्रॉन के दो मामले हो चुके हैं। अच्छी बात यह है कि इनमें से कोई भी गंभीर नहीं है। हल्की जुकाम खांसी थी, जो ठीक हो चुकी है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम इन पर नजर रखेगी।
कोरोना के आए चार मामले
रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिले में चार नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि की। जबकि एक मरीज को स्वस्थ घोषित किया गया। इसके बाद से जिले में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 49 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इनमें से तीन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबकि अन्य को होम आइसोलेशन में रखा गया है। सभी की हालत स्थिर बनी हुई है। उप-मुख्य चिकित्सा अधिकारी राम भगत ने बताया कि जिले में अब तक 100066 लोग कोरोना संक्रमित हुए। इनमें से 99300 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। जबकि 717 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि रविवार को 2583 लोगों की कोरोना जांच की गई। इनकी रिपोर्ट आनी बाकी है।
316 लोगों की हो रही तलाश
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार तक हाई रिस्क देशों से 883 लोग शहर में लौटे हैं। इनमें से 663 लोगों की आठ दिन बाद आरटी-पीसीआर टेस्ट ली जाएगी। इसके अलावा 347 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसकी जानकारी मुख्यालय को दे दी गई है। जबकि विदेश से आए अब भी 316 लोग ऐसे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। इसमें पुलिस से मदद ली जा रही है।