Omicron confirmed in two, 110 new cases of infection, the number of corona patients is also increasing every day
फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के दो और मामलों की पुष्टि जिला स्वास्थ्य विभाग ने की है। इनमें छह वर्षीय बच्ची और विदेश से लौटी एक छात्रा शामिल है। जिले में अब तक आठ लोगों में ओमिक्रॉन की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि पुराने छह मामले स्वस्थ हो गए हैं। वहीं, कोरोना संक्रमितों की संख्या में भी हर दिन उछाल आ रहा है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने 110 नए मामलों की पुष्टि की है। आठ मरीजों को संक्रमण मुक्त घोषित किया है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 435 हो गई है। हालांकि अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या फिलहाल सात है।
छह वर्षीय बच्ची और युवती संक्रमित
बीते दिनों सेक्टर नौ निवासी महिला फ्रांस से लौटी थी। वह ओमिक्रोन संक्रमित थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसके परिजनों की कोरोना जांच कराई थी। रविवार देर रात इसकी रिपोर्ट आई। रिपोर्ट में महिला की छह वर्षीय बेटी ओमिक्रॉन से संक्रमित मिली है। दूसरा मामला सेक्टर-21 निवासी 23 वर्षीय छात्रा का है। रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि वह ओमिक्रॉन संक्रमित है। वह 22 दिसंबर को यूएसए से लौटी थी। अगले दिन उसका सैंपल लिया गया। उसमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उसके सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया था। स्वास्थ्य विभाग ने छात्रा के संपर्क में आने वाले पांच लोगों की कोरोना जांच कराई है। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि दोनों नए संक्रमितों में कोरोना के कोई लक्षण नहीं है। इन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम उन पर निगरानी रख रही है।
जिले में अब 435 सक्रिय मामले
जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,00,496 हो गई है। इनमें से 99,344 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। कोरोना की दो लहरें (पीक) अब तक जिले के 717 संक्रमितों की जान ले चुकी है। नए मामले मिलने से सक्रिय केसों की संख्या 435 हो गई है। इसमें से सात मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं, 428 को होम आइसोलेशन में रखा गया है। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ रामभगत ने बताया कि सोमवार को सैंपलिंग पॉजिटिविटी रेट 3.23 प्रतिशत रहा। वहीं, मरीजों के स्वस्थ होने की दर (रिकवरी रेट) 98.85 प्रतिशत रह गया है। सोमवार को 3404 नए सैंपल लिए गए हैं। फिलहाल 3476 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है।