फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निकिता हत्याकांड : सांत्वना देने के लिए नेताओं का तांता

विज्ञापन
विज्ञापन
निकिता हत्याकांड : सांत्वना देने के लिए नेताओं का तांता
विज्ञापन

फरीदाबाद। अग्रवाल कॉलेज के बाहर गोली मारकर छात्रा निकिता की हत्या के तीसरे दिन भी परिजन सदमे में हैं। बुधवार सुबह से ही परिवार वालों का सांत्वना देने के लिए विभिन्न दलों के नेता, मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक व विभिन्न समाजिक संगठन के लोग घर पहुंचने लगे थे। घर पर आने वालों का तांता लगा रहा। लोग परिजनों को सांत्वना देते रहे। इस दौरान परिजनों ने हत्यारों को फांसी देने की मांग उठाई।
बुधवार सुबह ही केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, एनआईटी से पूर्व विधायक नगेंद्र भड़ाना, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना और अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा के सदस्य हमेंद्र सिंह, जिला एवं संभाग अध्यक्ष विकास चौहान, बल्लभगढ़ की भाजपा नेता शारदा राठौर, हरियाणा महिला आयोग की सदस्य रेनू भाटिया, जिला उपायुक्त यशपाल यादव आदि परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए पहुंचे। इस दौरान निकिता की मां का रो-रो कर बुरा हाल था। उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि बेटी इस दुनिया में नहीं रही। परिजनों की मांग थी कि बेटी के हत्यारों को जल्द फांसी दी जाए या तेलंगाना की तर्ज पर गोली मार दी जाए। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की फास्ट ट्रेक कोर्ट में सुनवाई कराई जाएगी। बेटी को पूरा न्याय मिलेगा।
विज्ञापन

उधर, दिल्ली और हरियाणा से बड़ी संख्या में शिवसैनिक निकिता के घर पहुंचे। शिवसेना दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष संदीप चौधरी ने कहा कि हरियाणा में मेवात की हालत बेहद गंभीर है। यहां हिंदू सुरक्षित नहीं हैं। शिवसेना के हरियाणा प्रवक्ता ऋतुराज ने कहा कि मेवात में रोज हिंदुओं के साथ हत्या, बलात्कार, धर्म परिवर्तन जैसी घटनाएं हो रही हैं। मुख्यमंत्री खट्टर मेवात का दौरा करके सबको चुप करा आते हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने की मांग उठाई। हरियाणा महिला आयोग की सदस्य रेणू भाटिया ने निकिता की मां को सांत्वना देते हुए कहा कि वे हमेशा परिवार के साथ हैं। वे मुख्यमंत्री से मिलकर सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगी। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के सदस्य महेंद्र ने कहा कि निकिता की हत्या बल्लभगढ़ और प्रदेश के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए चिंता का विषय है। पूर्व विधायक नगेंद्र भड़ाना ने कहा कि हत्यारों को ऐसी सजा मिले कि कोई भी व्यक्ति ऐसा अपराध करने से पहले कई बार उसके परिणाम के बारे में सोचे।



कांग्रेस की पूर्व विधायक शारदा का विरोध
निकिता के घर परिजनों के सांत्वना देने आई भाजपा नेता शारदा राठौर बल्लभगढ़ से कांग्रेस विधायक रही हैं। उनका विरोध करते हुए लोगों ने कहा कि जब वे विधायक थी, उस समय भी बल्लभगढ़ में लड़कियों के साथ अनेक अपराध हुए, मगर कोई कठोर कार्रवाई नहीं की गई। अब आने से क्या फायदा। दूसरी ओर, पलवल से कांग्रेस के पूर्व विधायक करण दलाल ने भी परिजनों से मिलकर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आरोपी एक राजनीतिक परिवार से संबंधित बताए जा रहे हैं। अपराधी का कोई जाति-धर्म नहीं होता। चाहे किसी भी दल से संबंधित हों, देश का कानून सबके लिए बराबर है।
विज्ञापन

उपायुक्त से कहा, ठीक नहीं पुलिस का रवैया
जिला उपायुक्त के समक्ष निकिता के पिता और मामा ने शव मिलने में देरी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिस का रवैया परिजनों को लेकर बिल्कुल ठीक नहीं था। शव देते समय ऐसा व्यवहार किया गया, जैसे वे अपराधी हों। निकिता के मामा ने कहा कि आरोपी पक्ष के लोग दबंग हैं। वे कभी भी परिजनों पर हमला कर सकते हैं। इसलिए उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाए। मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हो और एक महीने में आरोपियों को फांसी दी जाए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें