तिगांव थाना क्षेत्र में 28 फरवरी की दोपहर हुई थी वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। प्रॉपर्टी विवाद में अपने मामा पर हथियार तानने के आरोप में भांजे को अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मोहित उर्फ मुवके पलवल के गांव कुशक बडोली का रहने वाला है। फिलहाल वो भैंसरावली मोड तिगांव में रहता है और तिगांव से ही उसे काबू किया गया है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता उसका मामा है। मामा के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद के चलते 28 फरवरी को वारदात की थी। लेकिन उसका हथियार नहीं चला। मामा को जान मारने की नियत से आया था। आरोपी के साथ दो अन्य युवक भी थे, जो बाहर मोटरसाइकिल लेकर खड़े थे। बाद में तीनों मोटरसाइकिल पर बैठकर वहां से निकल गए।
तिगांव थाना क्षेत्र में ये मामला 28 फरवरी को सामने आया। तिगांव निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी तिगांव में टाइल्स की दुकान है। 28 फरवरी को सुबह 11 बजे एक युवक उनके पास आया और फर्नीचर की दुकान का पता पूछा। वही युवक दोपहर डेढ़ बजे फिर से आया और हथियार तानकर गोली मारने का प्रयास किया। लेकिन हथियार नहीं चला तो आरोपी भाग गया। तिगांव थाने में हत्या के प्रयास की धारा में एफआईआर दर्ज की गई। अब अपराध शाखा टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।