एनिमेशन का इन दिनों हर तरफ क्रेज है लेकिन समाज को जागरुक करने के लिए इसका इस्तेमाल सेक्टर-3 निवासी हिमांशु कर रहे हैं। वह लगातार इस तरह के कंटेंट क्रिएट कर सीधा, सरल संदेश एंटरटेनमेंट फॉर्म में उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में मानवता नाम की शॉर्ट फिल्म बनाई है। मानवता का संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए इस फिल्म को अभिनेता सोनू सूद ने आवाज दी है। 8 दिसंबर से अब तक इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को 31 हजार, फेसबुक पर 25 हजार लोग देख चुके हैं। यूट्यूब पर भी इस वीडियो ने हजारों लाइक बटोरे हैं।
साधारण कहानी से छोड़ रहे प्रभाव
साधारण कहानी से एनिमेशन के जरिए प्रभाव छोड़ने की कला हिमांशु ने डिजनी की फिल्मों से सीखी है। सीधे स्पष्ट संदेश बच्चों के लिए क्रिएट किए जाते हैं। इसी हुनर को पेशे के रूप में शुरू किया है। वह एनिमेशन की प्रोफेशनल ट्रेनिंग ले चुके हैं। बतौर एनिमेटर बच्चों व युवाओं को लॉकडाउन में इसका प्रशिक्षण भी नि:शुल्क दिया। मौजूदा समय में हिमांशु एक निजी कंपनी के साथ भी काम कर रहे हैं। हिमांशु ने नेत्रदान, ऑटम नाम की फिल्म बनाई, इसे 35 हजार व्यू सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिले। एक अजनबी नाम की फिल्म बनाकर गुड टच बैड टच का संदेश बच्चों को दिया।