-मारपीट और नकदी लूटने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव सुनपेड़ निवासी महिला और उसकी बेटी के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट तथा नकदी लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव सुनपेड़ निवासी संगीता पत्नी रविंद्र सिंह ने दी शिकायत में बताया कि 4 जून की सुबह करीब 7:40 बजे पड़ोस में रहने वाली सुनीता ने उसके पति से गाली-गलौज की। आरोप है कि बात बढ़ने पर सुनीता ने अपने परिजनों और परिचितों को बुला लिया। इसके बाद महेश उर्फ मोनू, बृजेश, चिराग, मनोज का बड़ा बेटा, सुनीता और उसकी ननद जबरन उनके घर में घुस आए।
घर में घुसते ही आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। संगीता का आरोप है कि महेश ने उसकी बेटी को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ अश्लील हरकतें की। वहीं चिराग पर भी बेटी के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया। विरोध करने पर आरोपियों ने संगीता के साथ मारपीट की और उसका गला दबाने का प्रयास किया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके पति रविंद्र सिंह की जेब से 5 हजार रुपये भी छीन लिए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। पूरी घटना उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।