फरीदाबाद। जिले में सोमवार को वैक्सीनेशन डे मनाया जाएगा। इसके तहत सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों सहित निजी अस्पतालों में व्यापक टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है। शनिवार को वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों की बैठक के बाद रविवार को उच्चाधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। विभाग का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाए। इसके बाद भी अगर कोई स्वास्थ्य कर्मी रह जाता है, तो उसे 28 जनवरी तक लगा दिया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप पुनिया ने बताया कि पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जाना है। अब तक विभाग के को-विन पोर्टल पर 25,600 स्वास्थ्य कर्मियों ने टीकाकरण कराया है। इनमें सरकारी-निजी स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों का डाटा शामिल है। शनिवार को विभाग ने टीकाकरण से वंचित स्वास्थ्य कर्मियों की सूची मांगी, तो पता चला कि पंजीकृत कर्मियों में से कई निजी अस्पताल व केंद्र से नौकरी छोड़कर दूसरे शहर जा चुके हैं। ऐसे में सूची की अपडेट जानकारी अनुसार ही बचे हुए स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण पूरा करने का लक्ष्य है।
पोलियो रोधी अभियान भी 28 से
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप पुनिया ने बताया कि 16 जनवरी से कोरोना का टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। इस कारण 17 जनवरी से होने वाले पोलियो रोधी अभियान को स्थगित किया गया था। अब यह अभियान 28 जनवरी से शुरू किया जाएगा।