बल्लभगढ़। सेक्टर 4 आर में सोमवार दोपहर दो बदमाश बिजली कर्मचारी बनकर एक घर में घुसे और बुजुर्ग महिला से पिस्टल के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। शोर सुनकर मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 आरोपी से पूछताछ कर रही है।
सेक्टर 4 आर निवासी जयवती शर्मा (70) ने घर पर अकेली रहती हैं। दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी बेटी से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कर रही थी। तभी दो व्यक्ति बिजली कर्मचारी बनकर घर में घुस आए और बिल दिखाने को कहा। उन्होंने कहा कि बिजली का बिल भर दिया है, तभी एक व्यक्ति ने उनकी कनपटी पर पिस्टल लगा दी, जबकि दूसरे ने जेवर उतारने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने कमरे में रखी अलमारी की चाबी मांगी। डरी-सहमी जयवती ने चाबी दे दी। इसके बाद बदमाशों ने उनके कानों में पहने दो जोड़ी कुंडल, एक अंगूठी, चांदी की पायल व नाक में पहनी लोंग के अलावा अलमारी में रखे 10 हजार रुपये लूट लिए।
बेटी ने दी पड़ोसियों को सूचना
बदमाशों ने जयवती का फोन छीनकर फेंक दिया था, लेकिन कॉल नहीं कटी थी। बदमाशों की धमकी सुनकर जयवती की बेटी ने समझदारी दिखाते हुए पड़ोस में रहने वाले जयचंद को फोन किया। इस पर जयचंद तुरंत उनके घर पहुंच गए। उन्होंने दरवाजा खोलने के लिए कहा, नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी। शोर सुनकर पकड़े जाने के डर से बदमाश दरवाजा खोलकर भागने लगे, लेकिन जयचंद ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों को पकड़ने की कोशिश की। हालांकि इस दौरान एक बदमाश नकदी और जूलरी लेकर फरार हो गया, जबकि उसका साथी पकड़ा गया। शोर सुनकर पड़ोसी भी इकठ्ठा हो गए। कुछ देर में पहुंची पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।
बाइक पर सवार होकर आए थे आरोपी
दोनों बदमाश बाइक पर आए थे और हेलमेट पहना था। जयचंद से भिड़ने के एक बदमाश का हेलमट वहीं गिर गया। बाइक पर दो नंबर लगे थे। बाइक का कौन सा नंबर असली है और कौन सा नकली यह जांच के बाद पता चलेगा। एसीपी मुनीष सहगल का कहना है कि बुजुर्ग की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही दूसरे आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
महिला के साथ दूसरी वारदात
पीड़िता ने बताया कि उसके साथ लूटपाट की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले अप्रैल में एक बदमाश कोरियर कर्मचारी बनकर आया था और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया था।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
श्याम कॉलोनी निवासी राजेश ने बताया कि 28 जून की सुबह घर का मुख्य दरवाजा खुला था और पत्नी खाना बना रही थी। इस दौरान एक बदमाश घर में घुस आया और पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इससे रसोई घर में रखे बर्तन गिर गए। बर्तनों की आवाज सुन कर किराएदार मौके पर आ गए, जिन्हें देख बदमाश भाग गया।