अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। सुबह घना कोहरा होने से सड़कों पर दृश्यता शून्य रही। जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिससे गाड़ियां रेंगती नजर आईं। कई जगह जाम की स्थिति भी देखने को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जाम खुलवाया। दूसरी तरफ धूप निकलने से लोगों को ठंड से मामूली राहत मिली, लेकिन शाम ढलते ही ठंड ने एक बार फिर शहर को अपनी आगोश में ले लिया।
इस दौरान दिन का तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे 18 और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़ते प्रदूषण ने भी लोगों को काफी परेशान किया है। सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 381 दर्ज किया गया।
शहर में ठंड का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को भी दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। जिससे सबसे अधिक परेशानी नौकरीपेशा लोगों को हुई। कोहरे के कारण सुबह करीब नौ बजे तक दृश्यता शून्य रही। जिससे लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन चालक डिपर लाइट जलाकर चले। वहीं सड़कों पर अन्य दिनों के मुकाबले ट्रैफिक धीमा रहा। इस दौरान सोहना रोड, बाटा चौक, बल्लभगढ़ चौक, सरूरपुर सहित अन्य मुख्य चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति देखने को मिली। जिससे कर्मी देरी से कंपनी पहुंचे। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार सोमवार को फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 18 डिग्री व न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह करीब 11 बजे तक धुंध छाई रही। उसके बाद हल्की धूप निकली, लेकिन वह ठंड से कोई खास राहत नहीं दे सकी। शाम को पांच बजे के आसपास फिर से हल्की धुंध छानी शुरू हो गई थी। वहीं ठंड बढ़ने के साथ ही जोड़ों के दर्द के मरीजों की समस्या बढ़ गई है। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रोजाना 20 से 25 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। यही स्थिति निजी अस्पतालों में भी बनी हुई है। वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि आर्थराइटिस ठंड की वजह से नहीं होता, लेकिन ठंड मौसम में उसका दर्द अवश्य बढ़ जाता है। असल में, सर्दियों में ठंडे वातावरण के कारण मांसपेशियों में तनाव व अकड़न होने लगती है, जिससे जोड़ों व नसों पर भी दबाव पड़ता है और तेज दर्द होता है। यही कारण है कि जैसे-जैसे मौसम ठंडा होता जाता है, जोड़ों का दर्द, पीठ दर्द व दूसरे हड्डी के दर्द बढ़ने लगते हैं।
तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना
मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत के मुताबिक आगामी एक सप्ताह तक ठंड का प्रकोप जारी रहेगा। इस सप्ताह में अधिकतम तापमान 20 व न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक जाएगा। मंगलवार को सुबह-शाम घना कोहरा पड़ने की संभावना है। जिससे लोगों की समस्या बढ़ सकती है।
देश में सबसे प्रदूषित रहा जिला
कोहरा छाने और ठंड बढ़ने के कारण प्रदूषित कण भारी होकर जमीन के करीब आ गए हैं। वहीं, हवा की गति लगभग थम सी गई है, जिससे इनमें किसी तरह की हलचल नहीं हो रही है। ऐसे में प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है। पिछले तीन दिनों से वायु गुणवत्ता सूचकांक बहुत गंभीर श्रेणी में बना हुआ था। सोमवार को सेक्टर-16ए क्षेत्र सबसे अधिक प्रदूषण रहा। यहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 609 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से जारी सूची के अनुसार सोमवार को फरीदाबाद का एक्यूआई 379 दर्ज किया गया, यह देश में सबसे अधिक रहा। अलग-अलग क्षेत्रों की बात करें तो सेक्टर 11 क्षेत्र में 369 और एनआईटी क्षेत्र में 366 एक्यूआई दर्ज किया गया। बल्लभगढ़ क्षेत्र का एक्यूआई 361 रहा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी संदीप सिंह ने कहा कि कुछ दिनों से प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। हल्की हवा चलने के बाद यह कम होने लगेगा।
आगामी एक सप्ताह का तापमान
दिन न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान
सोमवार- 4 18
मंगलवार- 4 18
बुधवार- 5 19
बृहस्पतिवार- 5 19
शुक्रवार- 6 20
शनिवार- 6 20
रविवार- 6 20