शॉर्ट सर्किट की आशंका, मजदूरों ने समय रहते बाहर निकलकर बचाई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-10 स्थित एक स्क्रैप गोदाम में बृहस्पतिवार दोपहर आग लग गई। आग लगने के समय कई मजदूर गोदाम के अंदर काम कर रहे थे। आग की लपटें और धुआं उठता देख सभी मजदूर तत्काल बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग से लाखों का सामान जल गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मचारियों ने आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी की बौछार की। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गोदाम में काम करने वाले मजदूरों ने बताया कि गोदाम के पास से बिजली का तार गुजर रहा है। उनके अनुसार, तार में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और चिंगारी निकलने के बाद गोदाम में आग भड़क गई। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
आगजनी में गोदाम में रखा काफी मात्रा में स्क्रैप और अन्य सामान जल गया। शुरुआती तौर पर नुकसान कई लाख रुपये का होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आग की घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।