फरीदाबाद। धनतेरस और दिवाली को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बर्तनों की दुकानों से लेकर ऑटोमोबाइल शोरूम और रियल एस्टेट सेक्टर में जबरदस्त बूम देखने को मिला है। कोरोना महामारी के करीब दो साल बाद बाजार में व्यापारियों ने अच्छे कारोबार की उम्मीद जताई है।
ग्रेटर फरीदाबाद में दो हजार से ज्यादा फ्लैट बिकने को तैयार हैं। खरीदारों को लुभाने के लिए बिल्डरों द्वारा तरह-तरह के ऑफर निकाले गए है। वहीं बर्तन बाजार में लोगों की अच्छी भीड़ पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में दुकानदारों ने भी पूरी तैयारी कर ली है।
धनतेरस व दिवाली को लेकर पिछले साल की अपेक्षा इस बार बाजारों में रौनक अधिक है। धनतेरस के दिन खरीदारी करने के लिए लोग पहले ही सामान पसंद कर बुकिंग कर रहे हैं। देवी-देवताओं की मूर्तियां साथ-साथ घर-आंगन को सजाने के लिए रंग-बिरंगे बल्बों की लड़ियां, लाइटिग स्टैंड, झालर, लटकन तथा मिट्टी के डेकोरेटिव दीये भी बाजार में हैं। सेक्टर-15 मार्केट में मिट्टी के आकर्षक डिजाइनों में दीये उपलब्ध हैं। दीया विक्रेता सुषमा देवी ने बताया कि वह मिट्टी के दीयों को अलग-अलग रंगों से पेंट करती हैं। पांच नंबर मार्केट में खरीदारी करने आई कविता ने बताया कि उन्होंने घर तथा मंदिर सजाने को कृत्रिम फूलों और झालर की खरीदारी की है।
बर्तनों की दुकानें सजकर तैयार
मंगलवार को धनतेरस है। ऐसे में चांदी, पीतल, तांबा और स्टील के बर्तनों से दुकानें सजकर तैयार हैं। वहीं सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बाद ग्राहक भी इस ओर रुख कर रहे हैं। ओल्ड फरीदाबाद, सराय ख्वाजा, बल्लभगढ़, डबुआ कॉलोनी, एसजीएम नगर, एनआईटी नंबर-1 व 5 बाजारों में जमकर हो रही खरीदारी से दुकानदार खुश हैं। एनआईटी एक नंबर स्थित गुरू कृपा बर्तन भंडार के संचालक नीरज ने बताया कि इस बार भी पारंपरिक सामान की ही खरीदारी हो रही है, लेकिन उस पर बने अलग तरह के डिजाइन लोगों को लुभा रहे हैं। तांबे, पीतल की थालियां, कटोरे, गिलास, लोटे, गगरे, हंडे, देवताओं की मूर्तियां, सिंहासन आदि डिमांड में है। इनकी कीमत 250 से दो हजार रुपये तक बनी हुई है।
दो हजार ज्यादा फ्लैट बिकने को तैयार
दिवाली पर किराये के मकान से अपने घर में शिफ्ट होने को लोग तैयार हैं। इस कारण रियल एस्टेट सेक्टर में बूम आया है। धनतेरस और दिवाली को देखते हुए बिल्डरों ने खरीदारों को लुभाने के लिए आकर्षक ऑफर देने की तैयारी की है। इसमें सोने के सिक्के के साथ एसी, फ्रिज आदि उपहार शामिल होंगे। कोरोना महामारी के कारण करीब दो साल से रियल एस्टेट सेक्टर मंदी की मार झेल रहा था। सरकारी प्रोजेक्टों से लेकर निजी क्षेत्र के बिल्डरों को भी खरीदार नहीं मिल रहे थे। कोरोना संक्रमण का प्रभाव होने के बाद एक बार फिर निवेशक लौटने लगे हैं। ग्रेटर फरीदाबाद में वायर्स निवेश के लिए आगे आए है। मार्केट में बूम की एक वजह बैंकों द्वारा लोन सस्ता करना और आसान प्रक्रिया भी है जिससे लोग आसानी से प्लाट या फ्लैट खरीद सकें।
लोगों से बातचीत
बीपीटीपी ने हाल ही रेडी टू मूव इनवेंट्री और प्लाट लांच किए हैं। पिछले साल के मुकाबले लोग अब रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। लोग किराये का घर छोड़कर अपने घर में जाना पसंद कर रहे हैं। मार्केट पिछले दो साल मुकाबले पहले से अच्छी है। इसलिए बूम आया है। यह बूम आगे भी बने रहने की उम्मीद है।
- रोहित मोहन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, बीपीटीपी लिमिटेड
पिछले एक महीने से रियल एस्टेट मार्केट में उछाल देखने को मिल रहा है। आगमन सोसाइटी में ही एक महीने में करीब 350 लोगों ने फ्लैट बुक करवाए हैं। कुछ लोग फ्लैटों की जानकारी लेकर जा रहे हैं। लोग रेडी टु मूव घर खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। फ्लैट के रेट वही हैं।
- प्रमोद गुप्ता, अग्रसेन स्पेसेस एलएलपी बिल्डर
लोगों को लगता है जितना पैसा वह किराये में दे रहे हैं। इससे बेहतर है वह अपना मकान खरीद लें और किराये के रूप में दिये जाने वाले रुपये में ईएमआई चुका दें। इसलिए भी लोगों का रुझान काफी बढ़ा है। एक महीने में 20 से 25 प्रतिशत रियल एस्टेट कारोबार में उछाल आया है।
-श्याम कौशिक, प्रॉपर्टी डीलर, ग्रेटर फरीदाबाद