फरीदाबाद। अजरौंदा स्थित पेट्रोल पंप के बाहर बुधवार को वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। ईंधन भरवाने के लिए पहुंचे वाहन चालकों ने अपनी गाड़ियां पेट्रोल पंप के बाहर सड़क तक खड़ी कर दीं, जिससे मुख्य मार्ग का बड़ा हिस्सा वाहनों से घिर गया।
वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और देखते ही देखते दोपहर में करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। यह मार्ग व्यस्त सड़कों में से एक है। यहां से रोजाना हजारों की संख्या में लोग आवागमन करते हैं। जाम के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।
पेट्रोल पंप के बाहर वाहनों के सड़क तक खड़े होने के कारण यातायात संचालन प्रभावित हुआ। मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति को देखते हुए यातायात व्यवस्था सामान्य करने के प्रयास किए गए। संवाद