फरीदाबाद। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि जिले में अब तक 92.3 फीसदी एसआईआर का कार्य पूरा किया जा चुका है। इनमें 71.3 फीसदी मतदाताओं का सत्यापन हो चुका है। वहीं 21 फीसदी मतदाता सत्यापन के दौरान अपने पते पर नहीं मिले। उपायुक्त ने बताया कि ऐसे मतदाताओं के घर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने तीन बार संपर्क करने का प्रयास किया। उनके नहीं मिलने पर उन्हें फिलहाल एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट) श्रेणी में रखा गया है।
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने एसआईआर का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत बीएलओ अब 24 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन, गणना प्रपत्रों का संग्रह और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि बिना देरी अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर जल्द से जल्द गणना प्रपत्र जमा करें। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 सितंबर तक किया जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची तीन अक्तूबर को प्रकाशित किया जाएगा। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए मतदाता निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950, ईसीआईनेट ऐप और वोटर्स सर्विस पोर्टल का भी उपयोग कर सकते हैं।