- जमीन का फर्जी मालिक बनकर दूसरे को बेची जमीन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फर्जी मालिक बनकर दूसरे की जमीन की रजिस्ट्री कराने के मामले में एनआईटी साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों ने फर्जी मालिक और कागजात बनाकर करोड़ों रुपये की जमीन का फर्जीवाड़ा किया। इसमें एक पुलिस कर्मी समेत 12 लोग शामिल हैं।
फतेहपुर तगा निवासी सुहालीन ने बताया कि उसकी मादलपुर कई एकड़ जमीन है। पीड़ित का कहना हैं कि पिता चाहत ने जमीन को नारायण दास व वीरभान से चकबंदी के समय ही खरीद लिया था। उसके पिता की मौत अगस्त 1987 में हो गई थी। जिसकी विरासत भी तीनों भाई (लल्लू, सुहालीन व इस्माईल) के नाम पर है। पीड़ित का कहना हैं कि कुछ लोगों ने फर्जी नारायण दास व वीरभान बनकर जमीन को साल 2021 ट्रांसफर करा ली। वीरभान ने नवंबर 2021 को एक ट्रांसफर डीड अपनी बेटी ज्योति मेहता के नाम की है। उनका कहना हैं कि फर्जीवाड़े के पीछे इस्लामुद्दीन उर्फ पप्पू, इस्लाम पटवारी, सोहेल खान, इमरान खान, शमीम, यशपाल गेरा, कासम चौधरी आदि संलिप्त हैं। इन लोगों ने ठीक इसी प्रकार से फर्जी मालिक बना करके दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेसवे के नजदीक रीगढ़ गांव में सरकार से मुआवजा उठाने के लिए फर्जीवाड़ा किया है और कोर्ट के जरिए फर्जी कागजों के आधार पर करोड़ों रुपयों का मुआवजा लेने की फिराक में हैं। पीड़ित का आरोप हैं कि जमीन उसके पिता के नाम चकबंदी के समय राजस्व रिकार्ड में नारायण दास और वीरभान से राजस्व रिकार्ड में दर्ज हुई थी। साइबर थाना पुलिस ने लुधियाना पंजाब निवासी फर्जी आरोपी नारायण दास, वीरभान, अमन गोयल, ज्योति मेहता, जगदीश कुमार मेहता के अलावा बड़खल निवासी ईस्लामुद्दीन उर्फ पप्पू, इस्लाम पटवारी, सोहेल खान पुत्र इस्लाम पटवारी व इमरान खान, यशपाल गेरा, निवासी सेक्टर-37, कासम चौधरी व अयूब खान एसआई हरियाणा पुलिस व अनीस समेत पर विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया हैं।