बल्लभगढ़। सेक्टर-25 सोहना रोड पर 12 अगस्त को हुए सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पहचान के लिए ईएसआईसी अस्पताल में रखवाया था। चार दिन बाद मृतक की पहचान रविन्द्र सिंह के रूप में हुई है।
मृतक की पत्नी पूनम सिंह की शिकायत पर सेक्टर-58 थाना पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पूनम सिंह ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की रहने वाली हैं और पिछले करीब 17 वर्षों से परिवार के साथ संजय कॉलोनी में किराये पर रह रही हैं। उनके पति रविन्द्र सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। 12 अगस्त को सुबह करीब 10 बजे काम की तलाश में सेक्टर-25 गए थे लेकिन वापस घर नहीं लौटे। पूनम के अनुसार परिजनों के साथ तलाश करते हुए वह सेक्टर-25 पहुंचीं। वहां आसपास के लोगों से जानकारी मिली कि दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच वाहन चालक ने सड़क पर पैदल जा रहे रविन्द्र सिंह को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 15 अगस्त को पत्नी की ओर से पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद