गर्दन पर चाकू लगाकर घड़ी, कड़ा, 1100 रुपये, मोबाइल लूटे और खाते से 8 हजार रुपये ट्रांसफर किए
सेक्टर-17 थाना में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिला अदालत के न्यायाधीश के कुक को सवारी के तौर पर ऑटो में बैठाकर लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो चालक व एक अन्य युवक ने मिलकर गर्दन पर चाकू लगाकर लूटपाट की। इतना ही नहीं पीड़ित के मोबाइल में ई-वॉलेट एप से 8 हजार रुपये भी आरोपियों ने ट्रांसफर कर लिए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सेक्टर-17 थाने में एफआईआर दर्ज कर टीम ने जांच शुरू की है।
पुलिस को ये शिकायत न्यायाधीश के निवास पर बतौर कुक काम करने वाले करनाल निवासी धर्म सिंह ने दी है। यह वारदात बुधवार देर रात लगभग तीन बजे की बताई गई है। धर्म सिंह यहां से अपने गांव जाने के लिए निकले और रेलवे स्टेशन तक के लिए ऑटो में सवार हो गए। आरोप है कि ऑटो में चालक के अलावा पीछे एक अन्य युवक बैठा था। रेलवे रोड से पहले कट पर ईएफ थ्री माल की तरफ ऑटो चालक व ऑटो में बैठे व्यक्ति ने धर्म सिंह की गर्दन पर चाकू लगाकर घड़ी, कड़ा, 1100 रुपये नकद व मोबाइल लूट लिए। बाद में ई-वॉलेट एप से भी 8 हजार रुपये आरोपियों ने ट्रांसफर करा लिए। धर्म सिंह को धक्का देकर गिराने के बाद आरोपी भाग गए। मामले में बृहस्पतिवार को सेक्टर-17 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।