फरीदाबाद। कोरोना महामारी के बाद धनतेरस के मौके पर शहर के सर्राफा बाजार में काफी रौनक बनी हुई है। ज्वेलर्स की दुकानें नए-नए डिजाइन के आभूषण से सज गई हैं। वहीं पिछले कुछ माह से मंदी का सामना कर रहे सर्राफा व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले साल के मुकाबले सोने चांदी की खरीदारी बढ़ी है। इससे धनतेरस और दिवाली पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
शहर में छोटी-बड़ी ज्वैलर्स की 300 से अधिक दुकानें हैं। मंगलवार को धनतेरस और बृहस्पतिवार को दिवाली को लेकर रविवार को बाजारों में जिस तरह से खरीदार नजर आए हैं। उससे कारोबारियों के चेहरे खिले नजर आए। कारोबारियों का कहना है कि पिछले कई माह से सर्राफा बाजार में मंदी का माहौल चल रहा था। जिसमें अब काफी सुधार हुआ है। पिछले चार दिनों में चांदी की दाम में करीब आठ हजार रुपये की गिरावट आई है। इससे ग्राहकों का रुझान खरीदारी की तरफ बढ़ा है। हालांकि इस बाद मार्केट कुछ नई डिजाइन तो नहीं लेकिन चांदी के सिक्कों के मांग काफी बढ़ गई है। रविवार को 22 केरड सोना साढे 45 हजार रुपये और चांदी 60 हजार 60 रुपये किलो भाव रहा। इस कारण लोग चांदी के पांच से सौ ग्राम तक के सिक्के ज्यादा खरीद रहे हैं।
कई डिजाइन में सिक्के और मूर्तियां उपलब्ध
धनतेरस और दिवाली के मौके पर आभूषणों की दुकानों पर लक्ष्मी-गणेश की आकृति वाले चांदी के सिक्के भी आए हैं। ये सिक्के 5 ग्राम से 10 ग्राम वजन में उपलब्ध हैं। वहीं अब की बार 50-50 ग्राम के लक्ष्मी और गणेश के सिक्के भी आए हैं, जिनके पीछे श्रीयंत्र भी बना है और गणेशजी का मंत्र भी है। वहीं महिलाओं के लिए भी विभिन्न डिजाइन में कई तरह के नेकलेस, ईयररिंग, बैंगल्स, पैंडल और रिंग जैसे आभूषण उपलब्ध हैं। शुभ मुहूर्त के लिए सोने और चांदी के सिक्के, मूर्तियां और चांदी के बर्तन लोगों के आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं।
पिछले साल के मुकाबले इस बार धनतेरस और दिवाली पर रौनक है। लोग खरीदारी के लिए आगे आ रहे हैं। धनतेरस पर सोने-चांदी के सिक्के खरीदना शुभ माना जाता है। सोने के दस ग्राम आभूषण की कीमत करीब साढे़ 45 हजार रुपये है। चांदी के दस ग्राम सिक्के की कीमत करीब 600 रुपये है।
- मुकेश गर्ग, प्रधान, सर्राफा एसोसिएशन ओल्ड फरीदाबाद
ग्राहकों को लुभाने के लिए नए डिजाइनों के आभूषणों के साथ एमएमटीसी चांदी के सिक्के, मुंबई की बनी लक्ष्मी गणेश की चांदी की मूर्तियां बिक्री के लिए आई हैं। चांदी का सिक्का 650 रुपये से 7800 रुपये व चांदी की लक्ष्मी गणेश भगवान की मूर्तियां 1600 रुपये से 55 हजार रुपये तक की हैं।
- सुशांत नौनिहाल, सर्राफ, कृष्णलाल जूलर्स, एनआईटी एक नंबर मार्केट