फरीदाबाद। जिलाधीश जितेंद्र यादव ने 11 अगस्त को 12 केंद्रों पर जवाहर नवोदय विद्यालय के दाखिले के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के दिशा निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके लिए दो फ्लाइंग स्क्वॉयड बनाए हैं। इनमें पहले में प्रिंसिपल किरण बाला और हेड मास्टर राजेंद्र सिंह, दूसरे में प्रिंसिपल अंजू मदान और प्राध्यापक राजेश शर्मा को लगाया गया है। इस दौरान कोविड के नियमों का भी पालन किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ऋतु चौधरी ने बताया कि जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा के लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में 11 अगस्त को प्रात: 11 बजे प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए सभी जगह पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी बल्लभगढ़ बलबीर कौर ने बताया कि राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल दशहरा ग्राउंड एनआईटी-एक, राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल तिकोना पार्क एनआईटी-एक, राजकीय बाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल एनआईटी-तीन, राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल एनआईटी तीन, राजकीय गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल एनआईटी-2, गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल एनआईटी-पांच, बाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर- तीन, सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंबेडकर चौक बल्लभगढ़, फोगाट पब्लिक स्कूल राजीव कॉलोनी, गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल उच्च गांव, गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल चंदावली और गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल छांयसा में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार प्रवेश परीक्षा के प्रबंध कर लिए गए हैं।