संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद स्थित राजकीय महिला आईटीआई में चार सितंबर तक विश्व उद्यमिता पखवाड़ा मनाया जाएगा। बृहस्पतिवार को भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने उद्यमिता का महत्व, महिला उद्यमियों की भूमिका और स्टार्टअप संस्कृति जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। रोजगार पाने से बेहतर है रोजगार देने वाला बनना जिस पर प्रतिभागियों ने गहन चर्चा की।
यह कार्यक्रम प्राचार्या संतोष कुमारी के मार्गदर्शन में हुआ। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में छात्राओं ने उद्यमिता है आत्मनिर्भर भारत की पहचान और स्वरोजगार से बढ़ेगा सम्मान जैसे आकर्षक नारे लिखे। इसके अतिरिक्त पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करते हुए उद्यमिता के महत्व को दर्शाया। कार्यक्रम का संचालन नरेश कुमार और अन्य प्रशिक्षकों ने किया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सुखदेव सिंह और चेयरमैन आईएमसी सोसाइटी मौजूद रहे। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उद्यमिता आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह न केवल आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त करती है, बल्कि दूसरों के लिए रोजगार के अवसर भी प्रदान करती है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्राएं और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।