infection rate also increased from 0.15 percent to 10.44 percent
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी में महज 19 दिन में ही 15287 नए संक्रमित मिले हैं। जबकि मात्र 3379 ही लोग ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जिले में कोरोना का संक्रमण दर 10.44 फीसदी से बढ़ रहा है। रिकवरी दर में भी 10.02 फीसदी की कमी आई है। जो बड़ी चिंता का विषय है। 31 दिसंबर को रिकवरी दर 99.13 था जो अब घटकर 88.93 हो गया है। इससे कोरोना के मामले तो बढ़ रहे हैं, लेकिन काफी कम संख्या में लोग संक्रमण मुक्त हो रहे हैं। अधिकारी इसे काफी चिंतनीय मान रहे हैं।
वहीं, बुधवार को जिले में 1285 करोना के नए मरीज मिले। इनमें से 633 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया। अधिकारियों के अनुसार जिले के सभी हिस्सों से कोरोना के मामले सामने आने लगे हैं। इसलिए लोगों को इसकी रोकथाम के लिए सावधानी बरतनी चाहिए।
16 जनवरी से सामने आए मरीजों के साथ लगभग 35 फीसदी से अधिक मरीज ठीक हो रहे हैं। यह थोड़ी राहत की बात है। लोग बस समझदारी से काम लें। स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें और भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से बचें। घर पर रहें। मास्क का जरूर उपयोग करें। - डॉ. विनय गुुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी।
जिले में 28 जनवरी तक रहेंगी पाबंदियां
फरीदाबाद। महामारी अलर्ट के तहत प्रशासन ने जिले में पाबंदियां 28 जनवरी तक जारी कर दी है। सभी राजकीय व प्राइवेट स्कूल, कॉलेज पहले की तरह बंद रहेंगे। इसके अलावा जिला में मॉल और मार्केट पूर्ववत शाम 6 बजे तक ही खुले रहेंगे। बार और रेस्टोरेंट 50 प्रतिशत सीटिंग क्षमता के साथ ही संचालित होंगे। वहीं, शराब की दुकानें रात दस बजे तक खुली रहेंगी। जिलाधीश जितेंद्र यादव ने बताया कि सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार दाह संस्कार और विवाह समारोह में क्रमश 50 और 100 लोगों से ज्यादा भाग नहीं ले सकते हैं। ‘नो मास्क नो सर्विस’ का दृढ़ता से पालन किया जाएगा। प्रतिदिन पॉजिटिव केसों के आधार पर ग्रुप रेड जोन में कुछ और प्रतिबंध भी लगाए गए हैं। केवल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को इस नियम में छूट होगी। किसी बाहरी व्यक्ति अथवा दर्शक को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इमरजेंसी और आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी सरकारी तथा प्राइवेट संस्थानों के कार्यालयों में 50 प्रतिशत स्टाफ़ के साथ काम करने की सलाह दी गई है। संवाद