- शुरूआत में ठगों ने 150 रुपये का युवक को कराया मुनाफा, झांसे में लेकर कराया लाखों रुपये का निवेश
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने बल्लभगढ़ सेक्टर-4 निवासी एक युवक से वर्क फ्रॉम होम के नाम पर टॉस्क देकर पहले 150 रुपये का मुनाफा कराया। फिर झांसे में लेकर निवेश करवाकर साढ़े 10 लाख रुपये ठग लिए। साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-4 स्थित पटेल नगर निवासी मिथिलेश कुमार ने बताया कि नौ मई को उनके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया था। मैसेज करने वाली ने अपना नाम पूजा नारायण बताया। उसने कहा कि वह एक ट्रेडिंग कंपनी में एचआर है। उसने उन्हें वर्क फ्रॉम होम का ऑफर दिया। जिसमें युवक को प्रति वीडियो लाइक करने और चैनल सब्सक्राइब करने पर 50 रुपये मिलेगे। पहला टास्क पूरा करने पर साइबर ठगों ने उन्हें 150 रुपये का मुनाफा कराया। फिर आरोपियों ने प्रीपेड टास्क दिए गए। इस टास्क में उनसे एक हजार रुपये और फिर तीन हजार रुपये का टास्क देकर वीडियो लाइक करवाए। उन्हें मुनाफे के साथ पैसे वापस लौटाए गए। इससे वह ठगों के झांसे में आ गया। ठगों ने उन्हें कहा कि यदि वह अधिक रुपये निवेश करेंगे तो और अधिक मुनाफा होगा। मुनाफे सहित पैसे उन्हें मिल जाएगा। वह इस पर राजी हो गए।
पांच लाख का निवेश करते ही रोक दिया मुनाफा
मिथिलेश ने बताया कि आरोपी विष्णु कुमार के कहने पर जब उन्होंने पांच लाख रुपये का निवेश कर प्रीपेड टास्क पूरा कर दिया तो फिर उसने कहा कि तुम अभी पैसे नहीं निकाल सकते, क्योंकि तुम्हारा क्रेडिट स्कोर 98 हैं जोकि 100 होना चाहिए। इसे पूरा करने के लिए आठ लाख रुपये का प्रीपेड टास्क और करना होगा, तभी वह अपने रुपये निकाल सकता है। मिथलेश ने उससे आग्रह किया की अब उसके पास कुछ भी नहीं बचा है। वह और कोई टास्क नहीं कर पाएगा। उसके पैसे निकलवा दो। विष्णु ने झूठा आश्वासन देते हुए कहा कि वह मदद करने के लिए तैयार है लेकिन उसे एक और 85 हजार रुपये का टास्क पूरा करना होगा।
17 बार में 10.69 लाख का निवेश
मिथलेश ने बताया कि उन्होंने 17 बार में एक माह में 10 लाख 69 हजार रुपये निवेश किए। जब उन्होंने अपने पैसे निकालने की कोशिश की तो आरोपी और पैसे निवेश करने का दबाव बनाते रहे। जिसके बाद युवक को ठगी का शक हुआ। उन्होंने साइबर थाना बल्लभगढ़ ने केस दर्ज कराया है।