- आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए किया था संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। निवेश करके मुनाफा कमाने के चक्कर में दो युवतियों के साथ 5 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। दोनों युवतियों से आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया। थाना साइबर पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जैन कॉलोनी निवासी अनुराधा शर्मा ने बताया कि 18 अप्रैल को सोशल मीडिया पर उनके पास लिंक आया था। आरोपी ने उनको मोतीलाल ओसवाल नाम का एप डाउनलोड कराया। प्रसिद्ध एप होने की वजह से उन्होंने डाउनलोड कर निवेश करना शुरू कर दिया। सबसे पहले उन्होंने एक हजार रुपये निवेश किए, जबकि उनके खाते में मुनाफे के साथ ज्यादा पैसे दिखने लगे। जिसके कारण उनको लालच आ गया और उन्होंने 3 लाख 95 हजार 350 रुपये विभिन्न तरीकों से निवेश किए। जब उन्होंने निवेश किए हुए पैसों को मुनाफे के साथ निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके खाते को बर्खास्त कर दिया। जिसके चलते वह पैसे नहीं निकाल पाए। तब उनको शक हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है।
पार्ट टाइम जॉब के नाम पर हुई 65 हजार रुपये की ठगी
गांव सोतई निवासी पारुल कौशिक ने बताया कि मई महीने में पार्ट टाइम जॉब करने के बारे में उनके पास सोशल मीडिया पर मैसेज आया। ठगी करने वाले ने उनको एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करके सभी महत्वपूर्ण जानकारी को भरने के बाद एक अमेजन वॉलेट खुल गया। जिसमें 68 रुपये थे, जो उन्होंने निकाल लिए। उसके बाद उनको टास्क पूरा करने के लिए लेवल दिए गए। उन्होंने 6 लेवल खेलने के लिए 16 बार विभिन्न खातों से आरोपी के खाते में 65 हजार 30 रुपये पैसे ट्रांसफर कर दिए। निवेश करके लेवल को पूरा किया तो उनके खाते के ऑनलाइन वॉलेट में 1 लाख 33 हजार 440 रुपये दिखाई दे रहे थे। जिनको निकालने की कोशिश की तो वह निकाल नहीं पाईं। जिस पर आरोपी ने कहा है कि खाते से पैसे निकालने के लिए उनको और निवेश करना पड़ेगा। जिस पर युवती को शक हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है।