फरीदाबाद। विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर ईएसआइसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्टाफ, छात्र एवं अन्य लोगों को जागरूक किया गया। डॉक्टरों ने कहा कि अगर किसी को लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत जांच कराएं।
मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. असीम दास ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस बार की थीम हेपेटाइटिस कांट वेट रखी है। डब्ल्यूएचओ के सदस्य देशों ने इसे 2030 तक समाप्त करने दृढ़ संकल्प लिया है। इसलिए यदि किसी में लक्षण है, तो तुरंत जांच करवाकर इलाज कराए। एचआईवी की तुलना में हेपेटाइटिस में मृत्युदर 10 गुना अधिक है। यह पांच प्रकार ए, बी, सी, डी और ई श्रेणी में रखा गया है। ए और ई का संक्रमण दूषित खान-पान और प्रदूषित पानी पीने से होता है। रजिस्ट्रार डॉ. अनिल पांडेय ने बताया कि बारिश के दिनों में विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। बाहर भोजन खाने एवं पानी पीने से परहेज करना चाहिए। कार्यक्रम डॉ. जूही तनेजा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।