एसपी के आदेश पर पुलिस ने पति के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड स्थित एक मोहल्ला निवासी महिला ने पति पर मारपीट कर उन्हें व उनके दो बच्चों को घर से निकालने का आरोप लगाया है। पति ने अपनी पत्नी की इंस्टाग्राम आईडी पर अश्लील व फर्जी मैसेज भी डाल दिए थे। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
महिला ने बताया कि 16 दिसंबर 2010 को उसकी शादी हरियाणा के जिला फरीदाबाद निवासी मुकेश सेठी से हुई थी। उसके अब 14 वर्षीय पुत्र व दस वर्षीय पुत्री है। आरोप है कि शादी के एक सप्ताह बाद ही शराब पीकर पति ने उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी थी। उसने इसकी शिकायत कई बार स्थानीय पुलिस चौकी में की थी। 25 मई को पति ने पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया था। आरोप है कि पति ने उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर अश्लील व फर्जी मैसेज कर उसे बदनाम करने का प्रयास भी किया था। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि एसपी के आदेश पर पति मुकेश सेठी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।