- गाली-गलौज से मना करने पर सिपाही के मुंह पर घूंसा मारा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। होली के हुड़दंंग में एक नशेड़ी ने पुलिस चौकी में घुसकर सिपाही को पीट दिया। मामला सेक्टर-21 डी पुलिस चौकी का है। सिपाही को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सेक्टर-21 डी चौकी में तैनात सिपाही नितिन ने शिकायत में बताया सोमवार शाम गुरदयाल सिंह नाम का एक युवक चौकी में अपनी शिकायत लेकर आया था। उसके साथ राजेन्द्र, रविन्द्र, मोनू भी थे। सभी की अपनी-अपनी फरियाद थी। इस दौरान इंद्रा इंक्लेव निवासी मुकेश उर्फ मुक्की नशे में धुत्त होकर चौकी में आ धमका। आरोप है मुकेश ने आते ही पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौज करनी शुरू कर दी।
नितिन ने उसे गाली देने से रोकते हुए घर जाने के लिए कहा। इस पर मुकेश नाराज हो गया और आवेश में आकर सिपाही के मुंह पर घूसा मार दिया। घटना में सिपाही के मुंह और नाक से खून बहने लगा। ये देख चौकी में तैनात अन्य पुलिस कर्मी बीचबचाव के लिए आए और मुकेश उर्फ मुक्की को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस कर्मियों को आता देखकर आरोपी भागने लगा और नशे के कारण लड़खड़ा कर गिर गया। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।