संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। लॉर्ड्स क्रिकेट अकादमी मैदान पर बुधवार को तीन दिवसीय दृष्टिहीन क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में हरियाणा ने हिमाचल को 48 रनों से हराकर जीत हासिल की। वहीं, एक अन्य मुकाबले में राजस्थान ने जम्मू को 5 विकेट से हराया। फाइनल मैच हरियाणा और राजस्थान के बीच खेला जाएगा।
पहले मैच में हरियाणा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 229 रन बनाए। टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए कप्तान दीपक ने सर्वाधिक 85 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल की टीम 20 ओवरों में 181 रन बनाकर मैच हार गई। टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए अविनाश ने 50 रन बनाए। हरियाणा की ओर से गेंदबाजी करते हुए सरन ने 2 विकेट चटकाए।
अन्य मुकाबले में जम्मू की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 191 रनों का लक्ष्य दिया। टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए शिव ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। राजस्थान की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रदीप और रोहिताश ने 1-1 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने 11.5 ओवर में 122 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए घेवर रेवाड़ी ने 36 रनों का योगदान दिया। जम्मू की ओर से गेंदबाजी करते हुए अजय कुमार ने 2 विकेट लिए। पहले सेमीफाइनल मैच का शुभारंभ चार्टर्ड अकाउंटेंट संजय चांडक ने टॉस कर और पहली बॉल फेंक करके किया।