फरीदाबाद। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ की नीति पर विकास कार्यों का क्रियान्वयन कर रही है। हरियाणा सोमवार को 55 साल का हो गया है और देश में विकास के कई क्षेत्रों में अग्रणी राज्यों में गिना जाता है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने यह बात स्थानीय सेक्टर -12 के कन्वेंशन हॉल में आजादी के अमृत महोत्सव की शृंखला में हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर कही।
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उन्होंने लोगों को सरदार वल्लभभाई पटेल की 146वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा के विकास में सभी नागरिकों का योगदान रहा है। 55 साल के इतिहास में हरियाणा बिजली, कृषि, औद्योगिक विकास, आईआईटी व शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में देश की अग्रणी राज्यों में गिना जाता है। हरियाणा शहीदों और वीरों की भूमि है और रहा है।
कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा देश में शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में गिना जाता है। सांस्कृतिक संध्या में कई कार्यक्रम हुए। इसमें आए हुए सभी महमानों को पौधे और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गंगादत्त मिश्र, गोपाल शर्मा, अरविंद शर्मा, जिला उपायुक्त जितेंद्र यादव, एमसीएफ कमिश्नर यशपाल, अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान, नगराधीश पुलकित मल्होत्रा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राकेश गौतम, जिला शिक्षा अधिकारी ऋतु चौधरी व शहीद परिवारों की वीरांगनाएं और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों सहित कई नागरिक उपस्थित रहे।