फरीदाबाद। आधार कार्ड के साथ मोबाइल नंबर लिंक कराने के लिए अब सरकार की ओर से घर बैठे सुविधा शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही पुराना नंबर अपडेट करने या नया नंबर व ई-मेल आईडी लिंक करने के लिए इस सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है। पूरे प्रदेश में इसका लाभ सर्वाधिक फरीदाबाद जिले के लोग ले रहे हैं। पूरे प्रदेश में 1497 लोगों ने इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) के जरिए आधार से फोन नंबर लिंक कराया। इसमें फरीदाबाद के कुल 315 लोग लाभान्वित हुए हैं।
सरकार की इस सुविधा का सर्वाधिक लाभ शहरी क्षेत्र के लोग ले रहे हैं। उधर, पोस्ट ऑफिस प्रबंधन का प्रयास है कि ग्रामीण लोग भी सुविधा की जानकारी लें और घर बैठे अपने काम करें। आईपीपीबी मैनेजमेंट से मिली जानकारी के मुताबिक, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक या स्थानीय पोस्ट ऑफिस की वेबसाइट पर जाकर आधार-फोन नंबर लिंक का ऑप्शन चुनकर उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं। घर बैठे इस सुविधा के लाभ के लिए 50 रुपये का भुगतना करना होगा।
ग्रामीण क्षेत्र में शिविर के जरिए लोगों को कर रहे जागरूक
जिले में कुल 68 पोस्ट ऑफिस हैं। शहरी क्षेत्र में बने कुल 36 सब पोस्ट ऑफिस हैं। ग्रामीण ब्रांच पोस्ट ऑफिस कुल 32 हैं। सर्वाधिक सब पोस्ट ऑफिस में लोगों ने डोर स्टेप सर्विस (घर बैठे सुविधा) का लाभ लिया है। इसमें एनएचपीसी, सेक्टर-29 जैसे क्षेत्र प्रमुख हैं। ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने की जरूरत पड़ रही है। ऐसे में जिले में शिविर लगाकर ग्रामीण तबके के लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्र में जवां पोस्ट ऑफिस के अंदर नरियाला, महमूदपुर जैसे गांव लाभान्वित होने शुरू हो गए हैं। इसी तरह पन्हेड़ा खुर्द, बुआपुर जैसे गांव में लोगों को योजना की जानकारी दी गई है। फतेहपुर तगा, छायंसा गांव में भी सुविधा लाभ शुरू हो गया है लेकिन लोग जागरूक नहीं।
अगले माह तक 52 ग्रामीण डाक सेवक देंगे सुविधा
जिले में घर बैठे मोबाइल आधार लिंक की सुविधाएं देने के लिए कुल 52 ग्रामीण डाक सेवक (जीडीएस) हैं। हालांकि, यूआईडीआई से अभी केवल 12 ही जुड़े हैं। अगले एक माह में सभी जीडीएस की आईडी अपडेट कर सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) के तहत आधार-मोबाइल लिंक करने में जिला अव्वल है। सुविधाएं बढ़ाने पर काम कर रहे हैं। जनता के लिए सुविधा अधिक हों, इसके लिए काम कर रहे हैं।
-राजेंद्र कुमार, पोस्ट ऑफिस हेड