राजकीय महिला महाविद्यालय के पत्रकारिता विभाग की ओर से किया गया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-16ए स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से हिंदी दिवस पर एक दिवसीय व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस मौके पर हिंदी भाषण प्रतियोगिता, कविता पाठन एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
छात्राओं ने भाषण एवं कविताओं के माध्यम से हिंदी के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर पर्यावरण परिवर्तन एवं खाद्य वितरण एवं उपभोक्ता मंत्रालय के मीडिया सलाहकार पंकज मिश्र ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने छात्राओं को हिंदी दिवस की बधाई दी और मीडिया एवं आधुनिक चुनौतियों पर भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल मातृ भाषा नहीं है, यह हमारे देश की अस्मिता एवं गौरव का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हिंदी ने विश्व स्तर पर भारत को अलग पहचान दी है। प्राचार्य डाॅ. नरेंद्र कुमार ने छात्राओं को हिंदी दिवस की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि हमें अपनी मातृ भाषा के प्रयोग पर संकोच करने की आवश्यकता नहीं है। व्यक्ति अपनी भाषा में वार्तालाप करने में जितना सहज होता है, उतना व अन्य भाषा में नहीं हो सकता। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष शालिनी खुराना ने मुख्य वक्ता को विभाग की उपलब्धियों के बारे में बताया और छात्राओं के साथ हिंदी पत्रकारिता में अवसरों एवं चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए। इस मौके पर विभागाध्यक्ष डॉ. रमन कुमार के सानिध्य, अर्चना वर्मा, सतविंद्र कौर, संदीप व सोनिया आदि मौजूद रहे।