बिजली बिल में फ्यूल सरचार्ज एडजेस्टमेंट के 94.47 रुपये अधिक देने हाेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बिजली वितरण निगम की ओर से बिजली उपभोक्ताओं पर मार्च 2026 तक दोबारा से फ्यूल सरचार्ज एडजेस्टमेंट (एफएसए) लगा दिया है। इसे 200 यूनिट तक नहीं लिया जाएगा। इसके बाद यानी 201 यूनिट होने पर 94.47 रुपये बिजली बिल में अतिरिक्त एफएसए भुगतान करना होगा। इसका सीधा असर कुल बिजली खपत संबंधी बिल पर पड़ेगा। इससे बिजली उपभोक्ताओं को सबसे अधिक परेशानी गर्मियों में होगी।
बिजली चोरी के कारण निगम को घाटा हो रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए 2023 में फ्यूल सरचार्ज एडजेस्टमेंट (एफएसए) शुरू किया गया था। एफएसए को अब एक जनवरी 2025 से लेकर मार्च 2026 तक दोबारा से लागू कर दिया है। बिजली निगम के एक सामान्य उपभोक्ता पर 201 यूनिट से अधिक बिजली खर्च करने पर उस पर 94.47 रुपये एफएसए लगेगा। जिले के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को जेब ढीली करनी पडेगी ।
मालूम हो कि बिजली निगम ने उन उपभोक्ताओं को एफएसए में छूट दी है, जिनका 200 यूनिट तक या उससे कम बिल आता है। ऐसे बिजली उपभोक्ताओं को एफएसए नहीं लगेगा। बिजली निगम के ऐसे हजारों उपभोक्ता है, जिनको इस छूट का लाभ मिलता है।
वर्जन
बिजली निगम ने एफएसए में कुछ बदलाव किया है। एफएसए को वर्ष 2023 में शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य घाटे को कम करना था। अब दोबारा बदलाव किया गया है।- देवेन्द्र अत्री, कार्यकारी अभियंता