यूपी सिंचाई विभाग की ओर से 8 करोड़ से बनाया गया है पुल, 50 हजार लोगों को होगा फायदा
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव शाहपुर कलां के पास आगरा नहर पर बने चार लेन के पुल को अप्रोच रोड का कार्य पूरा होने के बाद वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। इस पुल पर आवागमन शुरू होने से गांव के रास्ते कुंडली गाजियाबाद पलवल एक्सप्रेस वे को जाने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी। पुल बनने से करीब 50 हजार से अधिक लोगों को फायदा होगा। यह पुल यूपी सिंचाई विभाग की ओर से 8 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।
गांव शाहपुर कलां के पास आगरा नहर पर बना हुआ पुल 2017 में टूट गया था। पुल के टूट जाने के कारण सिंचाई विभाग ने दोनों तरफ दीवार लगवा दी ताकि कोई जर्जर पुल से न निकले। मार्च 2023 में पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। यह पुल आठ करोड़ रुपये की लागत से बन कर तैयार हो गया है । इसके साथ ही अप्रोच रोड का निमार्ण कार्य पूरा होने के बाद अब इस पुल के जरिए आसानी से छोटे व बड़े वाहन आवागमन कर सकते हैं। इस पुल के शुरू होने से गांव के रास्ते केजीपी जाने वाले लोगों को भी काफी सुविधा हो गई है। अप्रोच रोड तारकोल की बनाई गई है।
नोएडा पहुंचना होगा आसान
गांव सुनपेड व गांव शाहपुर कलां के लोग गांव सोतई, गांव दयालपुर, गांव मच्छगर, गांव अटाली, गांव मौजपुर के रास्ते केजीपी से नोएडा को जा सकते हैं। पुल बनने से करीब 50 हजार से अधिक लोगों को फायदा होगा।