फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: पैतृक गांव में हुआ पूर्व विधायक का अंतिम संस्कार

विज्ञापन
विज्ञापन
राजस्थान में रविवार शाम को पीटकर कर दी गई थी हत्या
विज्ञापन

सोमवार शाम एंबुलेंस से पैतृक गांव पहुंचा था शव

अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। राजस्थान, भरतपुर जिले के अंतर्गत बयाना विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक रहे अतर सिंह भड़ाना का अंतिम संस्कार सोमवार को उनके पैतृक गांव पाली में किया गया। मौत की खबर जैसे ही पहुंची तो पूरा गांव शोक में डूब गया।
परिवार और रिश्तेदारों के साथ गांव के लोग भी उनके घर पर जमा हो गए। एंबुलेंस के जरिए पूर्व विधायक का शव उनके गांव पहुंचा, जिसके बाद गांव के ही श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। फरीदाबाद के पाली गांव निवासी अतर सिंह भड़ाना भाजपा के वरिष्ठ नेता थे और राजस्थान के भरतपुर जिले की बयाना सीट से विधायक भी रह चुके थे। भरतपुर में वह खनन के ठेके लेते थे। बताया जा रहा है कि इसी को लेकर पिछले कुछ समय से उनका विवाद चल रहा था। रविवार शाम को भरतपुर के वैर थाना क्षेत्र के गांव भौंडा में 70-80 लोगों ने पूर्व विधायक भड़ाना और उनके अंगरक्षक पर पर लाठी-डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया था। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पूर्व विधायक को गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार देर रात लगभग 11:30 बजे उनकी मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद उनका शव भरतपुर से उनके पैतृक गांव के लिए रवाना हुआ। शाम लगभग 4:15 बजे शव उनके पैतृक गांव के मकान पर पहुंचा, उनके बेटे अर्जुन ने उन्हें मुखाग्नि दी।
विज्ञापन

ग्रामीण बोले, बहुत ही सरल और सेवा भाव वाले थे पूर्व विधायक
पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना लगभग 70 वर्ष के थे। जैसे ही उनके साथ हुए हादसे और मौत की खबर पहुंची तो पूरे गांव में शोक का माहौल हो गया। गांव के लोगों का कहना था कि भड़ाना बहुत ही सरल और सेवा भाव रखने वाले व्यक्ति थे। उन्होंने कभी किसी का बुरा नहीं किया और हमेशा लोगों की मदद के लिए तैयार रहते थे। पूर्व विधायक का शव 4:15 बजे उनके पैतृक मकान पहुंचा। अंतिम दर्शन के लिए शव को उनके पैतृक मकान के भीतर रखा गया। यहां उनकी बेटियां, बेटे, परिवार के सभी लोग मौजूद रहे। शाम 5:10 बजे गांव के श्मशान में उनके बेटे अर्जुन ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान भाजपा के केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, पूर्व विधायक ललित नागर समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन

पिता का शव देखकर बेसुध हो गई आईएएस बेटी
पूर्व विधायक की सबसे छोटी बेटी किरण भड़ाना 2017 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले की उपायुक्त हैं। पिता की मौत की खबर मिलने पर वह भी अपने पैतृक गांव पहुंच गईं और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया। जब पिता का शव घर पहुंचा तो देखकर वह बेसुध हो गईं। उनका कहना था कि पिता उनके लिए आदर्श थे और उनके ही कारण वह आईएएस अधिकारी बन पाई हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें