फरीदाबाद बुद्ध कॉलोनी में नाले का निरीक्षण करते एफएमडीए के अधिकारी । स्रोत: एफएमडीए
7 जून को अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का लिया संज्ञान
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सोमवार को एफएमडीए के अधिकारियों ने शहर के प्रमुख नालों का निरीक्षण कर सफाई कार्य का जायजा लिया और संबंधित ठेकेदारों को लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। आपको बताते चलें कि मानसून से पहले शहर में नालों की अधूरी सफाई और संभावित जलभराव के मुद्दे को अमर उजाला ने 7 जून को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
निरीक्षण टीम ने गौंछी नाला और एसी नगर नाले का दौरा किया। इस दौरान नालों की सफाई, निकाली जा रही गाद और जल निकासी व्यवस्था का वीडियोग्राफी के माध्यम से भी निरीक्षण किया गया। कई स्थानों पर सफाई कार्य संतोषजनक मिला जबकि कुछ हिस्सों में अब भी गाद और गंदगी जमा मिली। अधिकारियों ने ऐसे स्थानों पर तत्काल सफाई तेज करने और मानसून से पहले कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता ओमदत्ता ने कहा कि नालों की समय पर सफाई जलभराव रोकने के लिए बेहद जरूरी है। यदि नालों में गाद और कचरा जमा रहेगा तो बारिश का पानी सुचारु रूप से नहीं निकल पाएगा। इसी कारण सभी प्रमुख नालों की लगातार निगरानी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि नालों से निकाली गई गाद को तुरंत निर्धारित स्थान पर पहुंचाया जाए ताकि वह दोबारा नालों में न जाए। साथ ही मानसून शुरू होने से पहले सभी लंबित सफाई कार्य पूरे करने के लिए संबंधित एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख नालों का भी निरीक्षण किया जाएगा, ताकि बरसात के मौसम में नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।