फरीदाबाद। खोरी विस्थापित 1009 पात्रों को फ्लैट देने के लिए बुधवार को सूरजकुंड स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में ड्रॉ निकाला गया। ड्रॉ प्रभावित परिवारों के बच्चों ने निकलवाया गया। उन्हें 30 अप्रैल से पहले अलॉटमेंट लेटर जारी कर दिया जाएगा।
नगर निगम के वरिष्ठ वास्तुकार बीएस ढिल्लो ने बताया कि 1027 पात्रों के लिए ड्रॉ बुधवार को होना था। उन्होंने बताया कि ड्रॉ के समय करीब 18 लोग अपात्र मिले। इन लोगों ने दो आवेदन कर रखे थे। उन्हें मौके पर ही बात कर सूची से बाहर कर दिया गया। इसके बाद 1009 लोगों के लिए फ्लैटों का ड्रॉ निकलवाया गया। उन्होंने बताया कि ड्रॉ के दौरान क्षेत्रीय कराधान अधिकारी सुनीता देवी, सुमन, सुरेंद्र खट्टर समेत कई निगम कर्मी थे। ढिल्लो ने बताया कि इसमें करीब 300 विस्थापित व वकील भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि ड्रॉ प्रभावित परिवारों के बच्चों से निकलवाया गया। उन्हें मौके पर ही फ्लैट के नंबरों की जानकारी दी गई। अधिकारी ने बताया कि 30 अप्रैल तक उन्हें अलॉटमेंट लेटर दे दिया जाएगा। अब तक 550 से अधिक लोगों को छह महीने के लिए दो-दो हजार रुपये के हिसाब से मकान किराया भत्ता दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि फ्लैटों को ठीक कराया जा रहा है।
ये है मामला
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पिछले साल जून में खोरी गांव में नगर निगम ने अवैैध निर्माण पर कार्रवाई की थी। इस दौरान करीब 10 हजार मकानों को तोड़ दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने खोरी गांव के विस्थापितों को फ्लैट देने को कहा था। सुप्रीम कोर्ट के सुझाव के बाद हरियाणा सरकार ने पुनर्वास पॉलिसी बनाई। इसको लेकर करीब छह हजार से अधिक लोगों ने फ्लैट पाने के लिए आवेदन किया। निगम डबुआ कॉलोनी व बापूनगर में बने जर्जर ईडब्ल्यूएस फ्लैट ठीक कराकर देगा। पात्रों को 30 अप्रैल तक फ्लैट दिए जाने हैं। इसके लिए एक एजेंसी को काम दिया गया है।